एसएसबी इंटर सेक्टर खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

खोरीबाड़ी, सुनीता। रविवार को स्वर्ण जीत शर्मा कमान्डेंट 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के दिशा निर्देशन में वाहिनी मुख्यालय में इंटर सेक्टर खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल चार वाहिनियों की पुरुष और महिला टीमें शामिल हुईं, जिनमें 12वीं वाहिनी किशनगंज, 41वीं वाहिनी रानीडांगा, 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज और 8वीं वाहिनी खपरैल की टीमें थीं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 19वीं वाहिनी की टीम ने जबरदस्त खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। उनका खेल सटीक रणनीति, शारीरिक शक्ति और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण था।

वहीं, महिला वर्ग में 12वीं वाहिनी किशनगंज की महिला टीम ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीतते हुए जीत दर्ज की। महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए यह साबित किया कि वे किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करना, खेल भावना का विकास करना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना था।

खो-खो जैसे परंपरागत खेलों के माध्यम से टीमवर्क, अनुशासन और फुर्ती जैसे गुणों का विकास किया जाता है, जो जवानों के व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता और उपविजेता टीमों को स्वर्ण जीत शर्मा कमान्डेंट 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कमान्डेंट महोदय ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। इस कार्यक्रम में राजीव शर्मा उप कमान्डेंट, जगजीत बहादुर जेग्वार, उप कमान्डेंट, वैभव कुमार सहायक कमान्डेंट, निरीक्षक शंकर कुमार मंडल एवं अन्य बलकर्मिक भी उपस्थित थे।

ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें