खोरीबाड़ी। खोरीबाड़ी प्रखंड अंतर्गत बतासी कालीबाड़ी मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 327 पर एक यात्री बस और ऑटो की टक्कर में सात लोग घायल हो गये। बताया गया है कि मंगलवार सुबह एक निजी यात्री बस गलगलिया से सिलीगुड़ी की ओर आ रही थी। दूसरी ओर एक ऑटो नक्सलबाड़ी से गलगलिया की ओर जा रहा था। तभी दोनों में टक्कर हो गयी। टक्कर में 7 लोग घायल हो गये। घायलों को बरामद कर बतासी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं, एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। इस बीच घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। खबर मिलते ही खोरीबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंच पूरे घटना की जांच में जुट गई। मृत्युंजय सरकार नामक एक स्थानीय निवासी ने बताया कि तेज रफ्तार बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। घटना के बाद बस चालक फरार हो गया। वहीं अमल मंडल ने बताया कि तेज गति के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और ऑटो से टकरा गया। गति इतनी तेज थी कि वह बगल के स्कूल के मैदान में जा गिरी, हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद 6 लोगों को छोड़ दिया गया, लेकिन मोहम्मद चैतू (50) की हालत गंभीर होने पर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें