खोरीबाड़ी। शनिवार को राज्य कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत खोरीबाड़ी ब्लॉक कांग्रेस ने खोरीबाड़ी थाने का घेराव कर एक ज्ञापन सौंपा है। कार्यक्रम के तहत सबसे पहले खोरीबाड़ी ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन किया और बाद में नौ सूत्री मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन भी सौंपा। जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी फांसीदेवा खोरीबाड़ी विधानसभा युवा अध्यक्ष माणिक बर्मन ने कहा कि महिला उत्पीड़न व दुष्कर्म की शिकायतों को गंभीरता से लेना होगा। शिकायत करने आने वाले शिकायतकर्ताओं को किसी भी हालत में लौटाया नहीं जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को रंग या पार्टी के आधार पर नहीं बल्कि कानून के तहत काम करना होगा। साथ ही खोरीबाड़ी में हो रही मादक पदार्थों और बालू की चोरी के मामले में भी पुलिस को सक्रिय होना होगा। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष आलोक कुमार राय, फांसीदेवा खोरीबाड़ी विधानसभा युवा अध्यक्ष माणिक बर्मन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।