पेड़-पौधों के बिना मनुष्य के जीवन की परिकल्पना नहीं की जा सकती है:- मंजीत सिंह पड्डा

खोरीबाड़ी। अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को एसएसबी 41वीं वाहिनी रानीडंगा द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वृहद् वृक्षारोपण किया गया, जहाँ विभिन्न फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर मंजीत सिंह पड्डा उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल रानीडंगा ने सीमावर्ती जनता को संबोधित करते हुए बताया कि पर्यावरण को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। आज कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। अपने द्वारा लगाए गए पौधे की देखरेख भी करें। साथ ही महोदय ने बताया कि पेड़ ही जीवन है। पेड़-पौधों के बिना मनुष्य के जीवन की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। यदि पेड़-पौधे नहीं हों तो हम सब सांस नहीं ले सकते। इसलिए बेहतर जीवन के लिए हम सब को पौधे लगाने और उन्हें बचाने का संकल्प लेना चाहिए। पर्यावरण दिवस के मौके पर वाहिनी द्वारा कुल -1837 पौधे लगाये गए। मंजीत सिंह पड्डा डीआईजी क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल रानीडंगा, योगेश सिंह कमांडेंट 41 वीं वाहिनी, एसएसबी रानीडंगा, ई-समवाय पानीटंकी प्रभारी निरीक्षक दीपक शर्मा, सीमावर्ती क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, शिक्षकगण एवं सशस्त्र सीमा बल के बलकर्मी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें