मालदा में धूमधाम से आयोजित दुर्गा पूजा कार्निवल 2024, हजारों लोगों की उमड़ी भीड़ । मालदा ज़िले के इंग्लिशबाज़ार नगरपालिका क्षेत्र के रामकृष्ण पल्लী मैदान के सामने 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के सुकांत मोड़ से रथबाड़ी मोड़ तक मंगलवार द्वादशी की शाम दुर्गा पूजा कार्निवल 2024 भव्य रूप से आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर ज़िला सूचना एवं संस्कृति विभाग की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से राज्य के अन्य ज़िलों के साथ-साथ मालदा में भी इस कार्निवल का भव्य आयोजन हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।इस अवसर पर जिले की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों ने अपनी प्रतिमाओं को सजीले टेबलो के माध्यम से आकर्षक शोभायात्रा निकालकर कार्निवल में भाग लिया। प्रतिमा शोभा यात्रा के साथ मालदा की प्रसिद्ध गम्भीरा और मुखौटा नृत्य, पुरुलिया का मशहूर छऊ नृत्य, आदिवासी नृत्य समेत बंगाल की विभिन्न लोक-संस्कृतियों की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। साथ ही इतिहास और स्थानीय परंपराओं को भी टेबलो के माध्यम से दर्शाया गया।
कार्यक्रम में राज्य की दो मंत्री—सबिना यास्मिन और ताज़मुल हुसैन, जिलाधिकारी नितिन सिंघानिया, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार यादव, मालदा जिला परिषद की सभाधिपति लिपिका बर्मन घोष, राज्यसभा सांसद मौसुम बेनज़ीर नूर, जिले के विभिन्न विधायक, इंग्लिशबाज़ार नगरपालिका के चेयरमैन कृष्णेंदु नारायण चौधरी तथा पुरातन मालदा नगरपालिका के चेयरमैन कार्तिक घोष सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्निवल को देखने के लिए ज़िले के विभिन्न हिस्सों से आए आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।यह मालदा कार्निवल का तीसरा वर्ष था। ज़िला प्रशासन के अनुसार, इस बार इंग्लिशबाज़ार और पुरातन मालदा क्षेत्र की कुल 19 दुर्गा पूजा समितियों ने शोभायात्रा में हिस्सा लिया।










