खोरीबाड़ी। सशस्त्र सीमा बल 19वीं वाहिनी के प्रागण में “विश्व पर्यावरण दिवस” के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें वृक्षारोपण, साइकिल रैली और शपथ ग्रहण कार्यक्रम शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत अनूप रोबा कछप कार्यवाहक कमान्डेंट 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा की गई। शुरुआत वृक्षारोपण कार्यक्रम से की गई, जिसमें समस्त बलकर्मियों द्वारा वाहिनी की नई जगह में वृक्षारोपण किया गया, तत्पश्चात मिशन लाइफ की जागरूकता में साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जो वाहिनी मुख्यालय से होते हुए नावडूबा तक निकाली गई, जिसका मुख्य उद्देश्य जनसाधारण को मिशन लाइफ के बारे में अवगत कराना था। तत्पश्चात शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें महोदय ने सभी जवानों को बताया कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है, जो कि पर्यावरण को लेकर लोगों में जागरूकता फ़ैलाने और इसके संरक्षण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने में विशेष महत्त्व रखता है | इस साल के लिए थीम ‘बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन’ (प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान) घोषित किया गया है, जो कि प्लास्टिक कचरे के निपटारे के समाधान खोजने पर जोर देता है। हमें यह समझना होगा कि सम्पूर्ण मानवता का अस्तित्व प्रकृति पर निर्भर है इसके बिना मानव जीवन संभव नहीं है। ऐसे में भविष्य की पीढ़ियों की जरूरतों की अनदेखी न करते हुए वर्तमान मांगों की आवश्यकताओं को पूरा करने के बीच संतुलन ले आना बेहद जरुरी है। पर्यावरण बचाने का कार्य हम अपने घर से ही शुरू कर सकते हैं। कोशिश करें कि एक पौधा जरुर लगायें, बिजली व पानी का दुरूपयोग न करें, किसी भी तालाब या नदी को प्रदूषित न करें, प्लास्टिक का उपयोग बंद कर इसकी जगह कागज़ या कपडे के थैले का प्रयोग करें। ध्यान रखें कि प्रकृति सुरक्षित तो मानव जीवन भी सुरक्षित।
कार्यक्रम के दौरान रविकान्त द्विवेदी उप कमान्डेंट, जय प्रकाश कुमार उप कमान्डेंट, राहुल भरत माली सहायक कमान्डेंट, मागा राम सहायक कमान्डेंट, चिकित्सा, निरीक्षक प्रशासन शंकर कुमार मंडल, निरीक्षक राज कुमार पाण्डेय सहित बल के समस्त कार्मिक उपस्थित थे।