खोरीबाड़ी। बल मुख्यालय के निर्देशानुसार 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज द्वारा ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है की सतर्कता जागरूकता सप्ताह इस वर्ष दिनांक 31 अक्टूबर से दिनांक 06 नवंबर तक मनाया जायेगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के द्वारा आम जनमानस तक “भ्रष्टाचार मुक्त भारत – विकसित भारत” थीम के ऊपर जागरूकता फ़ैलाने का कार्य किया जायेगा। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के प्रथम दिन वाहिनी मुख्यालय के प्रांगण में भ्रष्टाचार के विरुद्ध शपथ ग्रहण समारोह किया गया, जिसमे वाहिनी मुख्यालय के कार्यवाहक कमान्डेंट जीत लाल द्वारा शपथ ग्रहण करवाई गयी जिसमें सभी जवानों ने भ्रष्टाचार मिटाने और अखंडता, पारदर्शिता और सुशासन के उच्चतम मानकों को बनाये रखने की शपथ ग्रहण की। इसी क्रम में सभी समवायों और वाह्य सीमा चौकियों में भी ई – शपथ के जरिये सभी जवानों ने शपथ ग्रहण किया। कार्यक्रम में सहायक कमान्डेंट जय प्रकाश कुमार, सहायक कमान्डेंट (चिकित्सा) सुमित कुमार चौरसिया, अधीनस्त अधिकारीगण, एवं बल के समस्त जवानों ने भाग लिया।
ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें