साईबर ठगी से सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है: अमित कुमार

खोरीबाड़ी। सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी महानिरीक्षक अमित कुमार का एसएसबी 19वीं वाहिनी एवं समवायों में दो दिवसीय निरीक्षण हेतु आगमन हुआ। सर्वप्रथम महानिरीक्षक अमित कुमार द्वारा सीमा चौकी आमबाड़ी, गीलाबाड़ी और समवाय कद्दूविता का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान समस्त प्रचालन सम्बंधित कार्यों के जांचोपरांत सैनिक सम्मलेन लिया गया और सभी जवानों से उनके व्यक्तिगत या सरकारी जो भी परेशानियाँ है उनके बारे में पूछा गया। साथ ही उनके निराकरण हेतु उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी जवानों को आजकल होने वाले साईबर ठगी के बारे में सतर्क रहने हेतु आदेशित किया और बताया कि आज के समय में साईबर ठगी के बहुत सारे तरीके हैं जिनसे सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। निरीक्षण कार्यक्रम के दुसरे दिन महानिरीक्षक द्वारा डॉग स्क्वाड एवं वाहिनी मुख्यालय का निरीक्षण किया गया। वाहिनी के कमान्डेंट मधुकर अमिताभ द्वारा महानिरीक्षक अमित कुमार का वाहिनी मुख्यालय में स्वागत किया गया और सम्मान गार्ड द्वारा सलामी से सम्मान दिया गया। उनके द्वारा सभी प्रकार के कार्यों की जाँच की गई और नई जगह के जल्द निर्माण हेतु प्रतिबद्ध रहने का आश्वासन दिया। इसके बाद सैनिक सम्मलेन के द्वारा समस्त कार्मिकों से मुखातिब होते हुए कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की और मार्गदर्शन किया गया। उन्होंने समस्त कार्मिकों को साइबर ठगी से बचने की हिदायत दी।

ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें