खोरीबाड़ी, सुनीता। 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज में एक महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा, क्षेत्रीय मुख्यालय रानीडांगा के उप महानिरीक्षक एम. एस. पड्डा और 41वीं वाहिनी रानीडांगा के कमांडेंट योगेश कुमार ने वाहिनी के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम स्वर्ण जीत शर्मा कमान्डेंट 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के द्वारा महानिरीक्षक सुधीर वर्मा सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी एवं सभी आधिकारियों का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत किया।मुख्य रूप से निरीक्षण का उद्देश्य बाढ़ और भूकटाव से प्रभावित सीमा क्षेत्र की स्थिति का आकलन करना था, जिसमें समवाय मुख्यालय कुर्लिकोटऔर बाह्य सीमा चौकी खटखटी शामिल थे। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानंदा और मेची नदी में जलस्तर बढ़ने से कई सीमावर्ती क्षेत्रों में भूकटाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन क्षेत्रों का निरीक्षण किया जहां बाढ़ और भूकटाव के चलते स्थानीय जनजीवन प्रभावित हुआ है। महानिरीक्षक सुधीर वर्मा ने जवानों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी सुरक्षा, सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया कार्यों की समीक्षा की।
महानिरीक्षक श्री सुधीर वर्मा द्वारा दिए गए निर्देश:
1. मौसम की स्थिति पर लगातार नजर: जवानों को निर्देश दिया गया है कि वे लगातार मौसम की जानकारी प्राप्त करते रहें और किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहें।
2. सुरक्षा उपायों की पुनः जाँच: सीमा चौकियों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा उपायों की जाँच कर सुनिश्चित किया गया कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
3. संपर्क और सहयोग: स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया ताकि आपदा की स्थिति में जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू किए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक श्री सुधीर वर्मा ने जवानों से बातचीत कर उनके मनोबल को बढ़ाया। उन्होंने सीमा की सुरक्षा में जुटे सभी जवानों की तत्परता और समर्पण की सराहना की। जवानों को सतर्क रहते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया, साथ ही प्राकृतिक आपदा के समय अपनी भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण दल ने यह भी सुनिश्चित किया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात जवानों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों को भी जांचा गया और उन्हें समय रहते बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इस निरीक्षण में 19वीं वाहिनी के तरफ से एम ब्रोजेन सिंह, उप कमान्डेंट और श्री जगजीत बहादुर जेगवार, उप कमांडेंट भी शमिल थे।
ऐसी और खबरें पाने के लिए सब्सक्राइब करें