Live aap news : नवान्न में आयोजित पत्रकार परिषद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य सरकार के पिछले 14 वर्षों की विकास रिपोर्ट ‘उन्नयन की पंचाली’ जारी की। उन्होंने कहा कि बंगाल आज पूरे देश के लिए एक मॉडल राज्य बन चुका है और इस रिपोर्ट में आगे कुछ और तथ्यों को जोड़ने के बाद इसे मीडिया के लिए जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2023 तक राज्य में 1 करोड़ 72 लाख लोगों को गरीब रेखा से ऊपर उठाया गया है और 14 वर्षों में 2 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल ने राष्ट्रीय औसत की तुलना में बेरोज़गारी दर को 40 प्रतिशत तक कम किया है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार और उद्योग से जुड़े विस्तृत आंकड़े पेश करते हुए बताया कि सूक्ष्म उद्योगों में ही 1 करोड़ 30 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है और महिलाओं द्वारा संचालित सूक्ष्म उद्योगों में बंगाल पूरे देश में पहले स्थान पर है। राज्य में 12 लाख स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। 2011 की तुलना में कर राजस्व 5.31 गुना बढ़ा है और कृषि क्षेत्र में 9.16 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में छह आर्थिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिनसे लगभग एक लाख नए रोजगार सृजित होंगे। दেউचा-पांचामी परियोजना में भी एक लाख नौकरी की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का भी विस्तृत विवरण दिया। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत 2 करोड़ 21 लाख परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। कन्याश्री के दायरे में 1 करोड़ छात्राएं शामिल हैं और रूपश्री योजना से 22 लाख लड़कियों की शादी में आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। स्वास्थ्य बजट को 6 गुना बढ़ाया गया है और स्वास्थ्य साथी योजना के जरिए 2 करोड़ 45 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कवरेज दिया जा रहा है। आवास योजना के तहत 67 लाख 69 हजार घर बनाए जा चुके हैं, जबकि कुल लक्ष्य एक करोड़ घर का है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब मेट्रो कोच, लोकल ट्रेन कोच, भारी मशीनें, जहाज़, सीमेंट और स्टील का उत्पादन हो रहा है। सूक्ष्म और मध्यम उद्योग क्षेत्रों में 1 करोड़ 30 लाख से अधिक लोग कार्यरत हैं। इसके अलावा, 42 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग दी जा चुकी है। ममता बनर्जी ने कहा कि 2013 से 2023 के बीच 1 करोड़ 72 लाख लोगों को गरीब रेखा से ऊपर लाना राज्य सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है और अंतिम संशोधित रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे मीडिया को सौंप दिया जाएगा।










